छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद बढ़ता जा रहा है। बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विरोध शुरू हुआ था। हालांकि, धीरेंद्र शास्त्री ने बाद में वीडियो जारी कर माफी मांगी और खुद को कृष्ण भक्त बताया, लेकिन इसके बावजूद विरोध थमता नजर नहीं आ रहा है। उनके गृह जिले छतरपुर में भी लोगों ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई।

यादव समाज और सनातन धर्म के लोगों ने किया प्रदर्शन
छतरपुर में यादव समाज और सनातन धर्म से जुड़े लोगों ने सड़कों पर उतरकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने उनका पुतला फूंका और नारेबाजी की।
राम-कृष्ण में भेद करने वाले बयान पर जताई आपत्ति
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सनातन धर्म के लोगों को बांटने वाले बयान स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उनका तर्क है कि भगवान राम और श्रीकृष्ण दोनों एक ही हैं और उनमें भेद करने वाली टिप्पणी से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। माफी जारी किए जाने के बाद भी इस मुद्दे पर नाराजगी बनी हुई है।