November 6, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जान से मारने की धमकी देने के मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच ने आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को भोपाल ला रही है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी। साथ ही उसके मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

Dial-112 के WhatsApp नंबर पर भेजा था धमकी भरा मैसेज

पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर की सुबह करीब 11:30 बजे भदभदा स्थित रेडियो मुख्यालय के Dial-112 के आधिकारिक WhatsApp नंबर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जान से मारने की धमकी वाला संदेश आया था। संदेश में मुख्यमंत्री का नाम लिखकर धमकी दी गई थी।

आरोपी ने संदेश को दो बार एडिट किया और बाद में उसे डिलीट कर दिया। हालांकि, Dial-112 पर तैनात कर्मचारियों ने समय रहते धमकी भरे संदेश का स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया था। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और रेडियो मुख्यालय की ओर से भोपाल पुलिस को शिकायत दी गई।

क्राइम ब्रांच ने शुरू की जांच

शिकायत मिलने के बाद मामला भोपाल क्राइम ब्रांच को सौंपा गया। पुलिस ने स्क्रीनशॉट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धमकी भेजने वाले व्यक्ति की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए जांच शुरू की।

जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन मुंबई में ट्रेस होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम मुंबई पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी से पूछताछ में सामने आएगी धमकी की वजह

पुलिस आरोपी को भोपाल लेकर आ रही है। उससे धमकी भेजने के पीछे की वजह, मोबाइल फोन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य और पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की जाएगी।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी के अपने पिता से विवाद और उन्हें पुलिस कार्रवाई में फंसाने की मंशा का दावा सामने आया है। हालांकि इस संबंध में जांच अभी जारी है और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।

मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों की होगी जांच

पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है। जांच में धमकी वाला संदेश किस डिवाइस और नंबर से भेजा गया, उसे कितनी बार एडिट किया गया और डिलीट किए जाने के बाद उससे जुड़े कौन-कौन से डिजिटल साक्ष्य उपलब्ध हैं, इन पहलुओं को देखा जा रहा है।

फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और मामले में आगे की पूछताछ एवं कानूनी कार्रवाई जारी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *