November 8, 2026

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला जेल में बंद दोहरे हत्याकांड के आरोपी प्रवेश कुमार के हाथ में धारदार हथियार से कटने के निशान मिलने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। चोट लगने की जानकारी सामने आने के बाद उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों से प्राथमिक उपचार कराने के बाद उसे वापस जेल भेज दिया गया।

शिक्षिका और उसके बेटे की हत्या का है आरोपी

जानकारी के मुताबिक, प्रवेश कुमार को 23 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। उस पर केशवनगर में एक शिक्षिका और उसके बेटे की पैसों के लालच में हत्या करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में सूरजपुर जिला जेल भेजा गया था।

आत्मघाती कदम उठाने की आशंका

जेल में बंद रहने के दौरान प्रवेश कुमार के हाथ में चोट लगने की जानकारी सामने आई। इसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उसके हाथ पर किसी धारदार वस्तु से कटने के निशान मिले हैं।

प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या के प्रयास से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, चोट किन परिस्थितियों में लगी, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। प्राथमिक उपचार के बाद आरोपी को वापस जेल भेज दिया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *