November 8, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी पहली बार राज्य के दौरे पर पहुंची हैं। उनके दो दिवसीय प्रवास को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि स्मृति ईरानी दो दिन छत्तीसगढ़ में रहेंगी और इस दौरान कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगी। अलग-अलग स्तर पर बैठकें आयोजित की गई हैं, जिनके माध्यम से वे संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगी।

‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड को लेकर CM साय ने कही यह बात

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज अभनपुर में सभी ने मिलकर कार्यक्रम सुना। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों द्वारा किए जा रहे नवाचारों और उनके प्रयासों को पूरे देश के सामने रखते हैं।

पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर कोर कमेटी तक बैठकें

भाजपा की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, अभनपुर में ‘मन की बात’ सुनने के बाद स्मृति ईरानी प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के साथ रायपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचेंगी।

यहां सबसे पहले प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री संगठन के साथ बैठक होगी। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारी एवं सह-प्रभारियों, जिला प्रभारी एवं सह-प्रभारियों तथा जिला अध्यक्षों के साथ चर्चा की जाएगी।

इसके बाद पूर्व विधायकों और पूर्व सांसदों के साथ बैठक होगी। चाय के बाद पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों से संवाद और फिर भाजपा कोर कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी।

दूसरे दिन विधायक, सांसद और मंत्रियों के साथ होगा संवाद

स्मृति ईरानी के दौरे के दूसरे दिन यानी 26 अक्टूबर को विधायकों और सांसदों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ चर्चा होगी।

दोपहर बाद निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। दौरे के अंतिम चरण में विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ संवाद होगा।

इन बैठकों के जरिए स्मृति ईरानी प्रदेश में भाजपा संगठन की स्थिति, सरकार और संगठन के बीच समन्वय तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा करेंगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *