November 8, 2026

रायपुर। भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी बनने के बाद अपने पहले दौरे पर पहुंचीं स्मृति ईरानी ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन का संदेश दिया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय परिसर में उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बैठक में जिन लोगों को बुलाया गया है, केवल वही कार्यालय में मौजूद रहें। बिना बुलाए या किसी काम के बिना कोई भी कार्यकर्ता कार्यालय न आए।

अभनपुर में जमीन पर बैठकर सुनी ‘मन की बात’

रायपुर पहुंचने के बाद स्मृति ईरानी भाजपा कार्यालय से सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के साथ अभनपुर पहुंचीं। यहां श्री आशुतोष अलका अग्रवाल मंगल भवन में उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ जमीन पर बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना।

संगठन की स्थिति और आगामी रणनीति पर मैराथन बैठकें

स्मृति ईरानी अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान भाजपा पदाधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें करेंगी। इन बैठकों में प्रदेश में पार्टी की संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा और आगामी रणनीति पर चर्चा होगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ‘मन की बात’ सुनने के बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक होगी। इसके बाद दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।

दोपहर 1:30 से 2:30 बजे तक संभाग प्रभारी, सह प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला सह प्रभारी और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक आयोजित होगी।

शाम को पूर्व सांसदों-विधायकों और कोर ग्रुप के साथ बैठक

शाम 3:30 से 5 बजे तक पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ अहम बैठक होगी। इसके बाद शाम 5:30 से 7 बजे तक पार्टी के पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संवाद किया जाएगा।

पहले दिन का समापन शाम 7 बजे से रात 8:30 बजे तक होने वाली भाजपा कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक के साथ होगा। इन बैठकों के जरिए संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी राजनीतिक कार्ययोजनाओं पर मंथन किया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *