November 25, 2026

शिवपुरी। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना करते हुए की गई उनकी टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस बयान पर सोशल मीडिया यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे हास्य-विनोद बता रहे हैं, जबकि कई लोग इसे भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपमानजनक टिप्पणी मानकर नाराजगी जता रहे हैं।

क्या बोले धीरेंद्र शास्त्री?

वायरल वीडियो में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप का जिक्र करते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं कि उनके भगवान सीधे खड़े होते हैं, जबकि ठाकुर जी तीन जगह से टेढ़े होते हैं। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की बांसुरी बजाने की मुद्रा और वृंदावन धाम का भी उल्लेख किया।

उन्होंने बांसुरी बजाने और भगवान श्रीराम के धनुष चलाने की तुलना करते हुए कहा कि बांसुरी बजाना तो खेल है, लेकिन धनुष चलाना कोई खेल नहीं है।

सोशल मीडिया पर दो तरह की प्रतिक्रियाएं

बयान का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। कई लोग टिप्पणी को धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला बता रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि धीरेंद्र शास्त्री ने यह बात कथा के दौरान मजाकिया अंदाज में कही थी।

वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री यह भी कहते सुनाई देते हैं कि उनकी बात का अर्थ यह नहीं है कि वह ठाकुर जी के विरोधी हैं। उन्होंने टिप्पणी को विनोद के अंदाज में कही गई बात बताया।

फिलहाल यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण, दोनों की अलग-अलग धार्मिक महिमा और मान्यता है। ऐसे में उनकी तुलना के दौरान इस्तेमाल की गई भाषा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *