भोपाल। मध्य प्रदेश में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी और नामांकन को लेकर सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस मुद्दे पर भाजपा और प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया और अपने बयानों के जरिए नामांकन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को भी घेरा।

‘उत्तर प्रदेश में टिकट नहीं मिला तो मध्य प्रदेश आ गए’
उमंग सिंघार ने तंज कसते हुए कहा कि हरदीप पुरी को उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने का टिकट नहीं मिला, इसलिए वे मध्य प्रदेश आ गए। उन्होंने एपस्टीन फाइल्स का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री मीडिया से बचते हुए नामांकन दाखिल करने पहुंचे।
सिंघार ने सवाल किया कि यदि हरदीप पुरी का दामन पूरी तरह साफ है, तो उन्हें मीडिया और जनता के सवालों का सामना करने से परहेज क्यों है? हालांकि, एपस्टीन फाइल्स में किसी व्यक्ति का नाम आने या उससे जुड़े दावे किए जाने मात्र से किसी गलत काम में संलिप्तता साबित नहीं होती।
सीएम और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर भी निशाना
कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि दोनों नेता अपने ही उम्मीदवार को सामने लाने से बच रहे हैं।
सिंघार ने सवाल उठाया कि भाजपा की ऐसी क्या मजबूरी है कि मुख्यमंत्री और उसके उम्मीदवार को जनता के सामने आने से बचना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता इन सवालों का जवाब चाहती है।
नामांकन को लेकर बढ़ी सियासी बयानबाजी
हरदीप पुरी की उम्मीदवारी को लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा पर सवाल उठा रही है। वहीं, उमंग सिंघार के ताजा बयान ने इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है। अब इस मामले में भाजपा की ओर से आने वाली प्रतिक्रिया पर भी नजर रहेगी।