अभनपुर। छत्तीसगढ़ के अभनपुर में पदस्थ नायब तहसीलदार विपिन पटेल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह बीच सड़क पर जन्मदिन मनाते और आतिशबाजी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद यातायात नियमों के पालन और सार्वजनिक सड़क पर इस तरह के आयोजन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

बीच सड़क पर केक काटा, सलमान खान के गाने पर बनाई रील
वायरल वीडियो में नायब तहसीलदार विपिन पटेल सड़क पर गाड़ी रोककर जन्मदिन का केक काटते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान सलमान खान की फिल्म के गाने ‘ओ ओ जाने जाना’ पर रील भी बनाई गई। वीडियो में आतिशबाजी होते हुए भी नजर आ रही है।
यातायात नियमों को लेकर उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद सड़क पर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। सार्वजनिक सड़क पर इस तरह के आयोजन से यातायात व्यवस्था और नियमों के पालन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। गौरतलब है कि सड़क पर जन्मदिन मनाने जैसे मामलों को लेकर हाईकोर्ट पहले ही सख्त निर्देश दे चुका है।
प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान नहीं
फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। साथ ही किसी जांच या कार्रवाई की भी पुष्टि नहीं हुई है। अब संबंधित अधिकारी और प्रशासन इस वायरल वीडियो पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं, इस पर नजर रहेगी।