November 7, 2026

जगदलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार, 23 अक्टूबर को बस्तर पहुंचेंगी। रायपुर में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद अब उनका जगदलपुर दौरा प्रस्तावित है। यहां विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा के तहत लालबाग मैदान में आयोजित मुरिया दरबार में राष्ट्रपति शिरकत करेंगी। इस दौरान वह आम जनता को भी संबोधित करेंगी।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। शहर में दो हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। वीवीआईपी सुरक्षा को देखते हुए ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

मुरिया दरबार में मांझी-चालकी और नाइक-पाइक से करेंगी मुलाकात

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रायपुर से रवाना होकर जगदलपुर पहुंचेंगी। यहां सबसे पहले वह मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे सिरहासार भवन में आयोजित बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार को संबोधित करेंगी।

इस दौरान राष्ट्रपति मांझी-चालकी, नाइक-पाइक और मेंबर-मेंबरिन से मुलाकात करेंगी। इसके अलावा लालबाग मैदान से आम जनता को भी संबोधित करेंगी। कार्यक्रम के बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।

मंत्री केदार कश्यप ने तैयारियों का लिया जायजा

राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जगदलपुर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंत्री केदार कश्यप ने गुरुवार को लालबाग मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच और बैठक व्यवस्था, विशिष्ट अतिथियों के लिए निर्धारित दीर्घा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आम नागरिकों की सुविधाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पाण्डे, कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर बस्तर में सुरक्षा अलर्ट

राष्ट्रपति के स्वागत के लिए जगदलपुर एयरपोर्ट पर बस्तर दशहरा समिति और स्थानीय प्रशासन की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं। उनका स्वागत बस्तर की लोकसंस्कृति और पारंपरिक प्रतीकों के अनुरूप किया जाएगा।

वीवीआईपी सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने 23 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक जगदलपुर एयरपोर्ट के 25 किलोमीटर के दायरे को नो ड्रोन फ्लाइंग जोन घोषित किया है। वहीं सिरहासार भवन और मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर के 3 किलोमीटर के दायरे में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही आईजी और डीआईजी रैंक के अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कार्यक्रम

  • सुबह 11 बजे: जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना।
  • दोपहर 12:45 बजे: लालबाग मैदान में बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार और सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होकर संबोधन।
  • दोपहर 1:40 बजे: दिल्ली के लिए रवाना।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *