November 7, 2026

रायपुर। कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में गुरुवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने की। इसमें प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष, महिलाओं के अधिकारों और आम जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में महिला कांग्रेस की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने पदाधिकारियों और महिला नेत्रियों का मार्गदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश की आधी आबादी यानी महिलाओं की अपेक्षाओं, उनके अधिकारों और हितों की रक्षा में महिला कांग्रेस की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए उनकी आवाज बनकर संघर्ष करने की आवश्यकता बताई।

बैठक में मौजूद महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने तथा आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार काम करने का संकल्प लिया। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।

इंदिरा गांधी के शहादत दिवस पर दिल्ली में देंगी श्रद्धांजलि

महिला कांग्रेस की ओर से 31 अक्टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के शहादत दिवस पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होने की योजना बनाई गई है। इसके तहत महिला कांग्रेस की प्रतिनिधि दिल्ली पहुंचकर उनके श्रद्धांजलि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी। इस दौरान देश के प्रति इंदिरा गांधी के योगदान और उनके बलिदान को याद किया जाएगा।

1 नवंबर को ‘दिल्ली चलो, रामलीला मैदान चलो’ का आह्वान

महिला कांग्रेस की प्रतिनिधि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित वोटर अधिकार यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाएंगी। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के साथ मतदाताओं के अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे।

ये पदाधिकारी और नेत्रियां रहीं मौजूद

बैठक में प्रीति उपाध्याय, नेशनल कोऑर्डिनेटर गंगा यादव, दीप्ति दुबे, पूर्व महापौर प्रत्याशी अंजुमन ठेबर, ब्लॉक अध्यक्ष एवं पार्षद डॉ. करुणा कुर्रे, पीसीसी संयुक्त महासचिव सबा अली, नेशनल ऑब्जर्वर संगीता दुबे, पीसीसी सचिव प्रगति बाजपेयी, हजरुन खान बानो, पूनम यादव, अंजना भट्टाचार्य, अनुसूइया राय, प्रमिला सोनवानी, भुवनेश्वरी डहेरिया, पुष्पलता वैष्णव, विंदुरानी प्रसाद, कल्पना सागर, शिल्पी तिवारी, अपर्णा फ्रांसिस और डिंपल खान सहित प्रदेश की अनेक महिला कांग्रेस पदाधिकारी, नेत्रियां एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

बैठक के अंत में महिला कांग्रेस ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के साथ लोकतंत्र की रक्षा के लिए मजबूती से संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। संगठन ने कहा कि वह एकजुट होकर जनता की आवाज बनेगा और अन्याय के खिलाफ खड़ा रहेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *