कोरबा। जिले के दर्री स्थित लक्ष्मी डेयरी एंड क्रीमरी होटल में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। होटल में नाश्ता कर रहे एक ग्राहक को सांभर-चटनी में कीड़ा मिला। ग्राहक ने इसकी शिकायत दुकानदार से की, लेकिन आरोप है कि उसने शिकायत को अनदेखा कर दिया। इसके बाद ग्राहक ने दर्री थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत की जानकारी मिलने पर कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत, दर्री तहसीलदार और दर्री थाना पुलिस की संयुक्त टीम होटल पहुंची और जांच की।
सांभर बड़े पर मिली फफूंद, रसोई में पसरी थी गंदगी
जांच के दौरान होटल में रखे सांभर बड़े पर फफूंद लगी मिली। वहीं सांभर-चटनी में कीड़ा पाए जाने की शिकायत भी सामने आई। इसके बाद अधिकारियों ने होटल की रसोई का निरीक्षण किया, जहां भारी गंदगी मिली। किचन की स्थिति देखकर अधिकारी नाराज हुए और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता व रखरखाव का जायजा लिया।
फ्रिज में रखा मिला बासी सांभर और चटनी
निरीक्षण के दौरान फ्रिज में बासी सांभर और चटनी भी रखी मिली। रसोई में गंदगी और खाद्य पदार्थों की स्थिति सामने आने के बाद दर्री तहसीलदार ने कार्रवाई की। हालांकि, संबंधित कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा सामने नहीं आया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कोरबा के निहारिका स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स में शौचालय में बर्तन धोने का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद खाद्य विभाग ने कार्रवाई की थी। अब दर्री के होटल में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर शिकायत सामने आने से शहर के होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई तथा खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।