कवर्धा। जिले में धान खरीदी शुरू होने से पहले ही अवैध धान के भंडारण और कारोबार पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देश पर खाद्य विभाग, कृषि उपज मंडी और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक (सीसीबी) की संयुक्त टीम ने पंडरिया में दो व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर जांच कर कार्रवाई की। एक ही दिन में अवैध धान भंडारण के दो प्रकरण दर्ज किए गए।

दो व्यापारियों के यहां मिली अनियमितता
खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने व्यापारी वासु ठाकुर के यहां जांच के दौरान 50 बोरी अवैध धान जब्त किया। वहीं, व्यापारी सुशील गुप्ता के यहां 15 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। दोनों मामलों में नियमानुसार प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
धान खरीदी व्यवस्था पर प्रशासन की नजर
प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध भंडारण व कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार जांच की जा रही है। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से निगरानी रखने और अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा।