November 25, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को रायपुर सेंट्रल जेल पहुंचे। यहां उन्होंने जेल में बंद कांग्रेस नेता और पार्टी के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से मुलाकात की। दोनों के बीच करीब 10 मिनट तक बातचीत हुई। मुलाकात के बाद बघेल ने रामगोपाल अग्रवाल को जेल में रखे जाने को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

भूपेश बघेल ने कहा कि रामगोपाल अग्रवाल कांग्रेस के कोषाध्यक्ष हैं और सरकार ने उन्हें गलत तरीके से जेल में बंद कर रखा है। मुलाकात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

शराब घोटाले में जमानत, फिर भी जेल में रहेंगे रामगोपाल

शराब घोटाला मामले में 5 नवंबर को बिलासपुर हाईकोर्ट से रामगोपाल अग्रवाल को जमानत मिल चुकी है। हालांकि, कोल घोटाले समेत अन्य मामलों में आरोपी होने के चलते उनकी रिहाई नहीं हो सकी है। शराब घोटाले में जमानत मिलने के बावजूद अन्य मामलों में राहत नहीं मिलने के कारण उन्हें फिलहाल जेल में ही रहना होगा।

छह मामलों में से दो में मिली जमानत

बचाव पक्ष के वकील फैजल रिजवी के मुताबिक, रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ कुल छह मामले दर्ज हैं। इनमें से दो मामलों में उन्हें जमानत मिल चुकी है, जबकि चार मामले अभी लंबित हैं। रिजवी के अनुसार, इन चारों मामलों में जमानत मिलने के बाद ही अग्रवाल की जेल से रिहाई संभव होगी।

वकील का दावा- किसी FIR में नाम नहीं

फैजल रिजवी का दावा है कि किसी भी एफआईआर में रामगोपाल अग्रवाल का नाम नहीं है। उनके मुताबिक, उन्हें पहले से अपराधी एक आरोपी के बयान के आधार पर मामले में फंसाया गया है। बचाव पक्ष ने इसे राजनीतिक कार्रवाई बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस का कोषाध्यक्ष होने के कारण अग्रवाल को निशाना बनाया जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *