अलीराजपुर। मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले में कलेक्टर नीतू माथुर के नाम और आधिकारिक तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी WhatsApp अकाउंट बनाए जाने का मामला सामने आया है। इस अकाउंट से एक सरकारी कर्मचारी को मैसेज भी भेजा गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर ने खुद वीडियो जारी कर आम लोगों और शासकीय कर्मचारियों को सतर्क रहने की अपील की है।

+84 कोड वाले नंबर से बनाया फर्जी अकाउंट
कलेक्टर नीतू माथुर के मुताबिक, +84 52 828 4775 नंबर का इस्तेमाल कर उनके नाम और फोटो से फर्जी WhatsApp अकाउंट बनाया गया है। इसी अकाउंट से एक कर्मचारी को संदेश भेजा गया, जिसके बाद इस फर्जीवाड़े का पता चला।
कलेक्टर ने कहा- संदिग्ध मैसेज का जवाब न दें
कलेक्टर ने नागरिकों और सभी शासकीय कर्मचारियों से अपील की है कि यदि इस नंबर या किसी अन्य संदिग्ध नंबर से उनके नाम पर कोई संदेश आता है, तो उसका जवाब न दें। किसी भी तरह का आर्थिक लेनदेन करने से बचें और अपनी निजी या गोपनीय जानकारी साझा न करें।
आधिकारिक माध्यम से करें संदेश की पुष्टि
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल किसी व्यक्ति का नाम और तस्वीर देखकर WhatsApp अकाउंट पर भरोसा न करें। कलेक्टर के नाम से कोई संदिग्ध संदेश मिलने पर संबंधित व्यक्ति या कार्यालय से आधिकारिक माध्यम के जरिए उसकी पुष्टि जरूर करें।