November 8, 2026

उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण का काम जारी है। इसी क्रम में सड़क की निर्धारित सीमा में आ रहे शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई शुरू हो गई है। प्रशासन और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों के बीच चर्चा के बाद समाज के लोग स्वयं मस्जिद के बाधक हिस्से को हटाने के लिए आगे आए हैं। मौके पर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, शाही मस्जिद का करीब 10 फीट हिस्सा प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहा है। कंठाल चौराहा से गोपाल मंदिर तक मार्ग को चौड़ा करने की योजना के तहत यह कार्रवाई की जा रही है।

दो दिन से चल रहा था विरोध

शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने को लेकर पिछले दो दिनों से मुस्लिम समाज के एक वर्ग की ओर से विरोध किया जा रहा था। इस बीच प्रशासन और मस्जिद कमेटी के प्रतिनिधियों के बीच चर्चा हुई।

इसके बाद प्रभावित हिस्से को समाज के लोगों की ओर से स्वयं हटाए जाने पर सहमति बनी। प्रशासन की ओर से भी लोगों से शांति और सहयोग बनाए रखने की अपील की गई।

रातभर मस्जिद के बाहर जुटी भीड़

कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग रातभर शाही मस्जिद के बाहर जुटे रहे। मौके पर गहमागहमी का माहौल बना रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई और पुलिस ने पूरे क्षेत्र में निगरानी रखी।

बाद में समाज के प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच हुई बातचीत के बाद प्रभावित हिस्से को स्वयं हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

काजी बोले- आपसी समन्वय से करेंगे काम

शहर काजी शमशु रहमान ने कहा कि सभी काम आपसी समन्वय से किए जाएंगे। उन्होंने हिंदू-मुस्लिम एकता और सिंहस्थ के आयोजन में सहयोग की बात कही।

उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर सिंहस्थ का आयोजन सफल बनाना है। खड़े हनुमान जी और शाही मस्जिद को लेकर जो स्थिति बनी थी, उसमें प्रशासन के साथ आपसी समन्वय से आगे काम किया जाएगा।

सिंहस्थ के लिए सड़क चौड़ीकरण का काम

सिंहस्थ 2028 को देखते हुए उज्जैन में श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए कई इलाकों में सड़क चौड़ीकरण और अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। शाही मस्जिद का प्रभावित हिस्सा भी इसी सड़क चौड़ीकरण परियोजना की सीमा में आ रहा है।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। चौड़ीकरण की कार्रवाई के दौरान मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *