September 21, 2026

उज्जैन: धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी उज्जैन में युवा धर्म संसद 2026 के छठवें संस्करण ‘अवंतिका’ का आयोजन होने जा रहा है। तीन दिवसीय यह आयोजन 17, 18 और 19 सितंबर को गीता भवन में होगा। आयोजन में देश के 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 1600 से अधिक चयनित युवा प्रतिभागी शामिल होंगे।

बुधवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में आयोजकों ने युवा धर्म संसद के उद्देश्यों, विभिन्न सत्रों और कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी साझा की।

डॉ. मोहन भागवत और सीएम मोहन यादव होंगे शामिल

युवा धर्म संसद 2026 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का संबोधन प्रमुख आकर्षण रहेगा। कार्यक्रम में वे युवाओं के साथ भारतीय जीवन-दृष्टि और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से जुड़े विषयों पर संवाद करेंगे।

वहीं 19 सितंबर को होने वाले समापन समारोह में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

भारतीय संस्कृति और राष्ट्र निर्माण पर होगा संवाद

आयोजकों के मुताबिक युवा धर्म संसद का उद्देश्य युवाओं को भारतीय संस्कृति, ज्ञान परंपरा और चरित्र निर्माण से जोड़ना है। इसके साथ ही युवाओं में सामाजिक और राष्ट्रीय जिम्मेदारियों की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।

तीन दिनों के दौरान धर्म, संस्कृति, भारतीय ज्ञान परंपरा और योग्य राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे।

संतों, विद्वानों और साहित्यकारों का होगा मार्गदर्शन

कार्यक्रम में कई संत, विद्वान, शिक्षाविद और साहित्यकार युवाओं से संवाद करेंगे। इनमें स्वामी अवधेशानंद गिरि, आचार्य महामंडलेश्वर, जूना अखाड़ा, आचार्य मिथिलेशनंदिनीशरण महाराज, पुण्डरीक महाराज, प्रो. श्रीनिवास वरखेडी, कुलपति, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय और प्रसिद्ध कवि एवं गीतकार मनोज मुंतशिर सहित अन्य प्रमुख हस्तियां शामिल हैं।

इसके अलावा देशभर से आने वाले विद्वान, शिक्षाविद, साहित्यकार और सामाजिक कार्यकर्ता भी अलग-अलग सत्रों में युवाओं के साथ संवाद करेंगे।

1600 से ज्यादा युवा होंगे शामिल

युवा धर्म संसद के छठवें संस्करण में 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 1600 से अधिक चयनित युवा हिस्सा लेंगे। तीन दिनों तक चलने वाला यह आयोजन युवाओं के बीच भारतीय संस्कृति, विचार परंपरा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर संवाद का मंच उपलब्ध कराएगा।

उज्जैन में होने वाले इस आयोजन को लेकर आयोजकों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और 17 सितंबर से गीता भवन में कार्यक्रम की शुरुआत होगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *