उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत चल रहे सड़क चौड़ीकरण के काम के दौरान सोमवार को शाही मस्जिद को हटाने को लेकर हंगामा हो गया। मस्जिद हटाने का विरोध कर रहे कुछ लोगों ने कथित तौर पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ा। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

सिंहस्थ 2028 को देखते हुए उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। चौड़ीकरण की जद में आने वाले कई धार्मिक स्थलों को हटाया जा चुका है। इसी क्रम में खड़े हनुमान मंदिर और शाही मस्जिद को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी। मस्जिद हटाने के विरोध में मुस्लिम समाज के कुछ लोग पिछले दो दिनों से प्रदर्शन कर रहे थे।
रविवार रात मस्जिद के बाहर जुटी भीड़
रविवार रात प्रशासन जेसीबी और पोकलैंड मशीनों के साथ भारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचा था। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मस्जिद के बाहर एकत्र हो गए और देर रात तक विरोध प्रदर्शन चलता रहा।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों और मस्जिद कमेटी के पदाधिकारियों से बातचीत की। प्रशासन के मुताबिक बातचीत के बाद सहमति बनी और भीड़ वापस लौट गई।
मस्जिद का हिस्सा स्वयं हटाने पर बनी सहमति
जानकारी के मुताबिक प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच हुई बैठक में चौड़ीकरण की जद में आ रहे मस्जिद के हिस्से को समाज की ओर से स्वयं हटाने पर सहमति बनी थी। इसके बाद सोमवार सुबह मुस्लिम समाज के लोग संबंधित हिस्से को हटाने के लिए मौके पर पहुंचे।
हालांकि, इसी दौरान एक गुट ने मस्जिद हटाने का विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
पथराव के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने पथराव किया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्के बल का इस्तेमाल किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ दिया गया।
स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के जरिए पूरे क्षेत्र की निगरानी कर रही है।
SP प्रदीप शर्मा बोले- सहमति से हटाया जा रहा मस्जिद का हिस्सा
उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि सिंहस्थ 2028 को लेकर सभी पक्ष प्रशासन के साथ मिलकर सहमति से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शाही मस्जिद का संबंधित हिस्सा भी सहमति के बाद हटाया जा रहा है।
एसपी के मुताबिक एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है और मस्जिद कमेटी से लगातार बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने दो-तीन स्थानों पर भीड़ जुटाने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस ने वहां से हटाया।
पथराव में पुलिसकर्मियों को गंभीर चोट नहीं
पुलिसकर्मियों के घायल होने के सवाल पर एसपी प्रदीप शर्मा ने कहा कि कुछ लोगों की ओर से पथराव किया गया था। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्के बल के साथ आंसू गैस का इस्तेमाल किया।
एसपी ने कहा कि घटना में किसी भी पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं लगी है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।