November 6, 2026

उज्जैन। वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियों के तहत उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण और बुनियादी ढांचे के विकास का काम जारी है। इसी क्रम में छत्री चौक स्थित ऐतिहासिक शाही मस्जिद के एक हिस्से को मुस्लिम समाज के लोगों ने स्वेच्छा से हटाना शुरू किया है। जिला प्रशासन ने इसे आपसी समन्वय और सामाजिक सद्भाव का उदाहरण बताया है।

कलेक्टर रोशन सिंह बोले- सभी समुदाय कर रहे सहयोग

उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने आधिकारिक बयान में बताया कि सिंहस्थ 2028 में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। मास्टर प्लान के तहत विभिन्न मार्गों का चौड़ीकरण किया जा रहा है।

कलेक्टर के मुताबिक, इस काम में सभी धर्मों और समुदायों के लोग स्वेच्छा से शासन का सहयोग कर रहे हैं। सड़क की जद में आने वाले मकानों, दुकानों और धार्मिक स्थलों को संबंधित लोग स्वयं हटा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को भी मुस्लिम समाज के लोग स्वयं हटा रहे हैं। प्रशासन ने इसे आपसी समन्वय और सामाजिक समरसता की सकारात्मक मिसाल बताया।

कलेक्टर की अपील- अफवाहों पर ध्यान न दें

कलेक्टर रोशन सिंह ने नागरिकों से अपील की कि विकास कार्यों को लेकर फैलने वाली किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। उन्होंने शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सिंहस्थ की तैयारियों में सभी वर्गों की भागीदारी उज्जैन की एकता, सद्भाव और भाईचारे की परंपरा को मजबूत करेगी।

शहर काजी खली कुर्रे रहमान ने भी की शांति बनाए रखने की अपील

उज्जैन शहर काजी खली कुर्रे रहमान ने कहा कि मस्जिद से जुड़ा मामला रात में ही आपसी सहमति से सुलझा लिया गया था। उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसी कोई स्थिति नहीं है, जिसके चलते लोगों को मौके पर जाने की जरूरत हो।

शहर काजी ने बताया कि जिस कार्य को पूरा करने का संकल्प लिया गया है, उसे पूरा किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और उनके कारण घरों से निकलकर मौके पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।

सिंहस्थ 2028 के लिए शहर में विकास कार्य जारी

सिंहस्थ महाकुंभ को देखते हुए उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास की तैयारियां चल रही हैं। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग बनाए रखने और भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने की अपील की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *