रायपुर। एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने संजू देवी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनका अभिनंदन करते हुए 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने संजू देवी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि संजू ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से छत्तीसगढ़ के साथ पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।
संजू देवी की सफलता पर CM साय ने किया सम्मान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि संजू देवी की उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकार का प्रयास है कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करें।
एशियन गेम्स में भारत ने ईरान को हराकर जीता गोल्ड
जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की महिला कबड्डी स्पर्धा में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
भारतीय टीम की इस उपलब्धि में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके गोल्ड मेडल जीतकर लौटने के बाद प्रदेश में खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों के बीच उत्साह का माहौल है।
‘संजू की सफलता हजारों युवाओं के सपनों को देगी उड़ान’
मुख्यमंत्री साय ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अनुभव और भारतीय टीम के प्रदर्शन को लेकर बातचीत की। उन्होंने संजू की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी खिलाड़ी की उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता नहीं होती, बल्कि वह हजारों युवाओं के सपनों को भी नई दिशा देती है। संजू देवी की सफलता से गांवों और छोटे शहरों के बच्चों और युवाओं का खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास मजबूत होगा।
दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल और खिलाड़ियों के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के दूरस्थ अंचलों से निकलने वाली प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता विकसित करने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों तक पहुंचने के पर्याप्त अवसर मिलें।
उन्होंने कहा कि संजू देवी जैसी खिलाड़ियों की उपलब्धियां राज्य के इस संकल्प को और मजबूत करती हैं।
संजू देवी ने CM साय का जताया आभार
सम्मान और प्रोत्साहन राशि की घोषणा के लिए संजू देवी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से मिला यह प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।