November 19, 2026

जगदलपुर। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक काछनगादी रस्म में पनका-पनिका समाज की भूमिका और परंपराओं को लेकर समाज ने अपनी मांगें उठाई हैं। सोमवार को समाज के प्रतिनिधियों ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान दूसरी कन्या को ले जाने पर जताई नाराजगी

समाज की प्रमुख आपत्ति इस साल राष्ट्रपति के जगदलपुर प्रवास के दौरान काछनदेवी पीहू दास के स्थान पर किसी अन्य कन्या को उनसे मिलवाए जाने को लेकर है। समाज का कहना है कि काछनगादी की परंपरा में पनका समाज की विशेष भूमिका रही है। ऐसे में इस घटनाक्रम से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। समाज ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

बस्तर दशहरा की काछनगादी रस्म में पनका समाज की नौ वर्षीय कन्या कांटों के झूले पर लेटकर बस्तर दशहरा पर्व मनाने के लिए राजा को अनुमति देती है। यह रस्म पर्व की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है।

सामुदायिक भवन और ठहरने की व्यवस्था की मांग

समाज ने बस्तर दशहरा के दौरान बाहर से आने वाले हजारों समाजजनों के ठहरने के लिए उचित व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। प्रतिनिधियों के मुताबिक, जगदलपुर में सामुदायिक भवन निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में पहल नहीं हुई है।

पाठ्यक्रम में शामिल करने और एसटी सूची में बहाली की मांग

ज्ञापन में समाज ने काछनदेवी की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को छत्तीसगढ़ के शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग भी रखी है। इसके अलावा पनका-पनिका जाति को अनुसूचित जनजाति की सूची में बहाल करने की मांग की गई है।

समाज को उम्मीद है कि शासन और प्रशासन उनकी पांच सूत्रीय मांगों पर विचार कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *