सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में शराब सेवन से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं, उपमुख्यमंत्री एवं आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने भी अधिकारियों से घटना की जानकारी लेकर प्रभावित क्षेत्र में जांच, राहत और उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

बंडा में डिप्टी CM ने संभाली कमान
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि सागर के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से कुछ लोगों की मौत हुई है, जबकि कुछ लोग उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों से मामले की जानकारी ली है।
डिप्टी CM ने कहा कि घटना के लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
नौराज और गूगरा खुर्द में पहुंचा प्रशासन
बंडा ब्लॉक के ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द में अवैध शराब सेवन से मौतों की सूचना के बाद सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली।
इसके साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों से जुड़ी चिकित्सा व्यवस्थाओं और उनके उपचार का भी जायजा लिया गया। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और उपचार की व्यवस्था पर निगरानी बढ़ा दी है।
एहतियातन 7 शराब दुकानें सील, सैंपलिंग के निर्देश
प्रशासन ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रथम दृष्टया एहतियात के तौर पर क्षेत्र की 7 शराब दुकानों को सील किया गया है। साथ ही शराब के नमूने लेने और उनकी जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की लोगों से अपील
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने हाल में शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं, वे इसे नजरअंदाज न करें।
प्रशासन ने ऐसे लोगों से एहतियात के तौर पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपनी जांच कराने की अपील की है, ताकि किसी भी गंभीर स्थिति में समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।