June 15, 2026

केशकाल घाट में बड़ा हादसा टला, ऑक्सीजन टैंकर पलटा; चालक की सूझबूझ से बची कई जानें

राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर स्थित केशकाल घाट में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। जगदलपुर से झारसुगुड़ा ऑक्सीजन लेकर जा रहा एक टैंकर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से ऑक्सीजन का रिसाव शुरू हो गया, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए यातायात को नियंत्रित किया। हादसे में चालक उदय ठाकुर को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

चालक उदय ठाकुर ने बताया कि घाट में उतरते समय अचानक टैंकर के ब्रेक फेल हो गए, जिससे वाहन पर नियंत्रण बनाए रखना मुश्किल हो गया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने समय रहते टैंक का सेफ्टी वाल्व खोल दिया, जिससे ऑक्सीजन नियंत्रित तरीके से बाहर निकलती रही और टैंक के भीतर दबाव नहीं बढ़ा।

उदय ठाकुर के अनुसार, यदि टैंक पूरी तरह बंद रहता तो दबाव बढ़ने से बड़ा विस्फोट हो सकता था, जिससे जनहानि और भारी नुकसान की आशंका थी। उनकी तत्परता और सूझबूझ के कारण संभावित बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। घटना के चलते कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

स्थानीय लोगों और प्रशासन ने चालक की समझदारी और साहस की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *