खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के पुनासा में इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नर्मदा विकास संभाग क्रमांक-28 में पदस्थ उपयंत्री अशोक गौतम को 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त टीम ने यह कार्रवाई पुनासा स्थित कार्यपालन यंत्री कार्यालय के तकनीकी कक्ष में की।

बकाया बिल और सिक्योरिटी डिपॉजिट लौटाने के बदले मांगी रिश्वत
जानकारी के मुताबिक, आरोपी उपयंत्री अशोक गौतम पर एक ठेकेदार से उसके बकाया बिलों के भुगतान और जमा सिक्योरिटी डिपॉजिट की राशि वापस करने के एवज में कुल 55 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
ठेकेदार रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। इसके बाद उसने मामले की शिकायत इंदौर लोकायुक्त पुलिस से की। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
पहली किश्त लेते ही लोकायुक्त ने दबोचा
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने तय योजना के तहत ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही ठेकेदार ने आरोपी उपयंत्री को रिश्वत की पहली किश्त के तौर पर 14 हजार रुपये दिए, पहले से तैनात लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने रिश्वत की रकम बरामद की और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी उपयंत्री अशोक गौतम के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
लोकायुक्त टीम की कार्रवाई के बाद विभागीय स्तर पर भी मामले को लेकर हलचल तेज हो गई है। फिलहाल आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।