November 19, 2026

खैरागढ़। राज्योत्सव कार्यक्रम की कवरेज के दौरान पत्रकार किशोर सोनी के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले के पत्रकारों ने विरोध जताते हुए फतेह सिंह मैदान के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया। पत्रकारों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद सशस्त्र बल के आरक्षक रजनीकांत उपाध्याय को निलंबित कर दिया गया है।

राज्योत्सव की कवरेज के दौरान हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, राज्योत्सव कार्यक्रम के दौरान पत्रकार किशोर सोनी समाचार संकलन कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका पुलिसकर्मियों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पुलिसकर्मियों ने उनके साथ हाथापाई और मारपीट की। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पत्रकार और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प होती दिखाई दे रही है।

मुख्य गेट पर पत्रकारों का धरना

घटना के विरोध में जिला पत्रकार संघ सहित जिले के अन्य पत्रकार फतेह सिंह मैदान के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए। पत्रकारों का कहना है कि समाचार संकलन करना उनका पेशेवर दायित्व है। यदि कवरेज के दौरान किसी गतिविधि पर पुलिस को आपत्ति थी, तो नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती थी।

पत्रकारों ने वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराने, घटना में शामिल पुलिसकर्मियों की पहचान करने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

शिकायत के बाद आरक्षक निलंबित

मामले में शिकायत के बाद सशस्त्र बल के आरक्षक रजनीकांत उपाध्याय के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जारी आदेश के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट को पुलिस सेवा की सामान्य शर्तों का उल्लंघन माना गया है।

इसके बाद आरक्षक को निलंबित कर वाहिनी मुख्यालय, राजनांदगांव में संबद्ध किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

फिलहाल पत्रकारों की मांग है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाए और मामले में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका भी स्पष्ट की जाए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *