September 15, 2026

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध गजपल्ला वॉटरफॉल में आज बड़ा हादसा हो गया। रायपुर से दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे 19 वर्षीय युवक की नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की।

दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचा था युवक

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान रायपुर के अशोक नगर निवासी आदित्य चौधरी (19) के रूप में हुई है। आदित्य अपने करीब 7 दोस्तों के साथ गजपल्ला वॉटरफॉल घूमने आया था।

बताया जा रहा है कि वॉटरफॉल में नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। हादसे के बाद उसके दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई। साथियों ने तत्काल घटना की जानकारी प्रशासन को दी।

सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और युवक को बाहर निकालने के लिए अभियान शुरू किया गया। जिला प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रही है।

हादसे के बीच खतरनाक स्टंट का वीडियो सामने आया

घटना के बीच गजपल्ला वॉटरफॉल में पर्यटकों की लापरवाही भी सामने आई है। यहां कुछ युवक जोखिम भरे स्टंट करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि प्राकृतिक पर्यटन स्थल पर कई लोग सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए खतरनाक तरीके से पानी और चट्टानों के आसपास गतिविधियां कर रहे हैं।

हादसे के बाद इस तरह की लापरवाही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

गजपल्ला वॉटरफॉल में युवक के डूबने की घटना ने एक बार फिर प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त निगरानी, चेतावनी बोर्ड, प्रतिबंधित क्षेत्रों की स्पष्ट जानकारी और जरूरी सुरक्षा इंतजामों की जरूरत महसूस की जा रही है।

फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। प्रशासन की टीम हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *