बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। केंद्र सरकार ने 5 सितंबर को नियुक्ति संबंधी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसके मुताबिक उड़ीसा हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्रा को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
वहीं, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय कुमार अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

जस्टिस कृष्ण राम महापात्रा कौन हैं?
न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्रा ने 7 फरवरी 1988 को उड़ीसा राज्य बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में अपना पंजीकरण कराया था। उन्हें सिविल, सेवा, आपराधिक और संवैधानिक कानून समेत विभिन्न कानूनी क्षेत्रों में करीब 26 वर्षों का अनुभव रहा है।
उन्होंने राज्य सरकार के साथ-साथ उड़ीसा लोक सेवा आयोग के लिए अतिरिक्त स्थायी वकील के तौर पर भी काम किया है।
कई संस्थानों का कर चुके हैं प्रतिनिधित्व
न्यायमूर्ति महापात्रा ने अपने अधिवक्ता कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण संस्थानों और संगठनों का प्रतिनिधित्व किया। इनमें सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, क्योंझर, भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS), नई दिल्ली, नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड और बैंक ऑफ बड़ौदा समेत अन्य संस्थान शामिल हैं।
इसके बाद उन्हें 17 अप्रैल 2015 को उड़ीसा हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया।
जस्टिस संजय अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट की कमान
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे न्यायमूर्ति संजय कुमार अग्रवाल को अब राजस्थान हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
इस नियुक्ति के साथ ही छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट और राजस्थान हाईकोर्ट, दोनों में मुख्य न्यायाधीश के स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है।
केंद्र सरकार की अधिसूचना के बाद अब न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्रा के छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालने का रास्ता साफ हो गया है।