दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नवरात्रि के दौरान आयोजित गरबा कार्यक्रम में विवाद का मामला सामने आया है। दुर्ग के पद्मनाभपुर स्थित हॉकी ग्राउंड में आयोजित गरबा नाइट के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने फिल्मी गानों और मुस्लिम युवकों की मौजूदगी का विरोध किया। इस दौरान आयोजकों और विरोध कर रहे लोगों के बीच झूमाझटकी और मारपीट होने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

फिल्मी गानों और मुस्लिम युवकों की मौजूदगी पर जताया विरोध
जानकारी के मुताबिक, पूर्व महापौर और दुर्ग शहर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धीरज बाकलीवाल की ओर से हॉकी ग्राउंड में दो दिवसीय गरबा नाइट कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गरबा में फिल्मी गाने बजाए जाने और मुस्लिम युवकों की मौजूदगी पर आपत्ति जताई।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बजरंग दल के जिला संयोजक रामलोचन तिवारी मंच पर चढ़कर माइक के जरिए विरोध जताते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान आयोजक और रामलोचन तिवारी के बीच विवाद बढ़ने तथा मारपीट होने की बात भी सामने आई है।
गरबा मां दुर्गा की उपासना का पर्व: रामलोचन तिवारी
वायरल वीडियो में रामलोचन तिवारी गरबा को मां दुर्गा की उपासना से जुड़ा पर्व बताते हुए फिल्मी गाने नहीं बजाने की मांग करते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में वह कार्यक्रम में मुस्लिम युवकों को प्रवेश नहीं देने की बात भी कहते नजर आ रहे हैं। साथ ही, यदि उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है, तो उनके परिवार की महिलाओं और बेटियों को भी कार्यक्रम में लाने की बात कहते सुनाई देते हैं।
आयोजकों की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई
इस विवाद को लेकर गरबा आयोजकों की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल, घटना के संबंध में जांच के निष्कर्ष और पुलिस की आधिकारिक विस्तृत प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।