September 23, 2026

रायपुर। राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित गुजराती स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हुसैनी सेना ने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम के दौरान काजल हिंदुस्तानी की मौजूदगी में विद्यार्थियों से इस्लाम धर्म और मुस्लिम महिलाओं से संबंधित विवादित नारे लगवाए गए। संगठन ने मामले को लेकर देवेंद्र नगर थाने में शिकायत देकर स्कूल प्रबंधन, प्राचार्य और काजल हिंदुस्तानी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

दो दिन में FIR नहीं हुई तो प्रदर्शन की चेतावनी

हुसैनी सेना के सदस्य स्कूल प्रबंधन और काजल हिंदुस्तानी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर देवेंद्र नगर थाने पहुंचे। संगठन की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई।

शिकायत के बाद संगठन ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो गुजराती स्कूल में ताला लगाने को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा। पुलिस की ओर से शिकायत पर क्या कार्रवाई की गई है, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

मुस्लिम छात्रों को बाहर करने का भी आरोप

हुसैनी सेना के जिला अध्यक्ष मोहम्मद आमिर ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम से पहले मुस्लिम विद्यार्थियों को बाहर कर दिया गया और इसके बाद स्कूल परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। उनका दावा है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों से इस्लाम धर्म और मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ कथित तौर पर नारे लगवाए गए।

संगठन ने इसे विद्यार्थियों के बीच धार्मिक सौहार्द के लिहाज से गंभीर मामला बताते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

वायरल वीडियो की जांच की भी मांग

मामले को लेकर सामने आए कथित वीडियो के आधार पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। शिकायतकर्ताओं ने कार्यक्रम में कही गई बातों और विद्यार्थियों से लगाए गए कथित नारों की जांच की मांग की है। साथ ही यह भी स्पष्ट करने की मांग की गई है कि कार्यक्रम की अनुमति किस स्तर पर दी गई और आयोजन में स्कूल प्रबंधन की क्या भूमिका थी।

फिलहाल सामने आए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कार्यक्रम में वास्तव में क्या कहा गया, कथित नारे किस परिस्थितियों में लगाए गए और इसमें स्कूल प्रबंधन या अन्य लोगों की क्या भूमिका रही।

कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ता

शिकायत के दौरान सीरत के पूर्व अध्यक्ष नोमान हामिद, राष्ट्रीय अध्यक्ष राहिल रउफी, शहर सीरत कमेटी अध्यक्ष सोहेल सेठी, परह नगर मुतवल्ली अरशद खान, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नेहाल खान, मो. फहीम खान, शेख अमीन, जिला अध्यक्ष मो. आमिर, एहतेशाम हुसैन, मो. जाकिर, हफ़ीज़ुद्दीन हाफिज, राजिक रजा, रशीद भिनसारा, अफजल कुरैशी, नौशाद और फिरोज खान सहित संगठन के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हुसैनी सेना ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *