दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। कार ने साइकिल सवार युवती और पैदल जा रही महिला को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार साइकिल को घसीटते हुए दिखाई दे रही है।

एक को सिर में गंभीर चोट, दूसरी का पैर फ्रैक्चर
जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मेनोनाइट चर्च के सामने जल संसाधन कार्यालय के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साइकिल सवार रंजिता ताम्रकार दूर जा गिरीं। उनके सिर में गंभीर चोट आई है। वहीं, पैदल जा रही करुणा यादव के पैर में फ्रैक्चर हुआ है।
दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
कार साइकिल को करीब 30 मीटर तक घसीटती रही
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कार साइकिल को करीब 30 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने कार चालक के शराब के नशे में होने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा हादसा
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कार साइकिल को दूर तक घसीटते हुए नजर आ रही है। फुटेज सामने आने के बाद हादसे को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। चालक के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और नशे में वाहन चलाने के आरोप की पुष्टि को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।