September 14, 2026

छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर सत्ता पक्ष की ओर से वरिष्ठ भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

सदन में बोलते हुए कौशिक ने अविश्वास प्रस्ताव को जनता की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश बताया। उनका कहना था कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में जनता ने कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल का जवाब दे दिया था और अब विपक्ष अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए अविश्वास प्रस्ताव लेकर आया है।

धरमलाल कौशिक ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भू-माफिया, खनिज माफिया और शराब माफिया को संरक्षण देने, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और किसानों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने किसानों से किए गए बोनस के वादे पूरे नहीं किए, जबकि भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही दो साल का बकाया बोनस किसानों के खातों में जमा कराया और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी सुनिश्चित की।

भाजपा विधायक ने कांग्रेस शासनकाल में कोयला, पीएससी और जल जीवन मिशन समेत कई मामलों में भ्रष्टाचार के आरोप भी दोहराए। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इन मामलों की जांच कराकर कार्रवाई की है।

अपने संबोधन में कौशिक ने विष्णु देव साय सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास, औद्योगिक निवेश, एआई डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर प्लांट, सड़क निर्माण और डिजिटल गवर्नेंस जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

वहीं, इन आरोपों और दावों पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया आना बाकी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *