November 7, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले मुकाबले में भारतीय हॉकी के दो ओलंपियन खिलाड़ियों की टीमों के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिली। गुरुवार को सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए उद्घाटन मैच में ओलंपियन सुरेंद्र सिंह की न्यायधानी नाइट्स ने ओलंपियन ललित उपाध्याय की राजधानी रॉयल्स को 2-1 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ न्यायधानी नाइट्स ने लीग में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

न्यायधानी नाइट्स की ओर से चिराग और केतन कुशवाहा ने एक-एक गोल किया, जबकि राजधानी रॉयल्स के लिए रौशन ने एकमात्र गोल दागा। शानदार प्रदर्शन के लिए केतन कुशवाहा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ चुना गया।

पहले हाफ में न्यायधानी नाइट्स का दबदबा

मैच की शुरुआत से ही न्यायधानी नाइट्स ने आक्रामक रुख अपनाया। 12वें मिनट में चिराग ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। उनके तेज फ्लिक को राजधानी रॉयल्स के पहले रशर और गोलकीपर हिमांशु मलिक रोक नहीं सके।

दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में केतन कुशवाहा ने शानदार मैदानी गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। उन्होंने विपक्षी टीम के रक्षकों को छकाते हुए गेंद गोलपोस्ट तक पहुंचाई।

इसके ठीक एक मिनट बाद न्यायधानी नाइट्स को पेनल्टी कॉर्नर के जरिए बढ़त बढ़ाने का मौका मिला, लेकिन टीम इसे गोल में नहीं बदल सकी। दूसरी ओर, राजधानी रॉयल्स के कप्तान ललित उपाध्याय ने मिडफील्ड में आक्रामकता बढ़ाकर टीम को मुकाबले में वापस लाने की कोशिश की। हालांकि, उनकी टीम भी मिले पेनल्टी कॉर्नर का फायदा नहीं उठा सकी।

सुरेंद्र सिंह ने रक्षापंक्ति में दिखाया दम

न्यायधानी नाइट्स के सुरेंद्र सिंह ने रक्षापंक्ति में शानदार खेल दिखाया। उन्होंने विपक्षी खिलाड़ियों को डी क्षेत्र में खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। टीम के अन्य रक्षकों ने भी लगातार गेंद को खतरे के क्षेत्र से बाहर निकालकर राजधानी रॉयल्स के हमलों को नाकाम किया।

दूसरे क्वार्टर के अंतिम क्षणों में अनिकेत कुजूर को दिए गए पास को रोकने के प्रयास में सुरेंद्र सिंह के चेहरे पर चोट भी लगी।

दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने गंवाए मौके

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में न्यायधानी नाइट्स को संजीत तिर्की द्वारा स्टिक चेक किए जाने के कारण पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी। इसके बाद मिले एक और मौके पर भी गोल नहीं हो पाया। केतन कुशवाहा ने विपक्षी डी क्षेत्र में लगातार हमले किए, लेकिन उनके शॉट्स में सटीकता की कमी रही।

राजधानी रॉयल्स ने भी तीसरे क्वार्टर में कई बार विपक्षी क्षेत्र में प्रवेश किया, लेकिन अग्रिम पंक्ति के खिलाड़ियों के बीच तालमेल की कमी के कारण गोल नहीं हो सका।

चौथे क्वार्टर में खेल की गति कुछ धीमी रही। राजधानी रॉयल्स पर वापसी का दबाव था, लेकिन टीम की अग्रिम पंक्ति प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर सकी। इसी दौरान राजधानी रॉयल्स के पहले रशर प्रेमचंद सोय और न्यायधानी नाइट्स के चिराग के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दोनों खिलाड़ी मैदान पर गिर पड़े, जिसके चलते कुछ देर के लिए खेल रोकना पड़ा।

अंततः न्यायधानी नाइट्स ने 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

शुक्रवार को होंगे दो मुकाबले

लीग के दूसरे दिन शुक्रवार, 23 अक्टूबर को इसी स्टेडियम में दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच शाम 5:30 बजे मैनपाट टाइटंस और बैलाडीला बुल्स के बीच होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे चक्रधर चैंपियंस और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स आमने-सामने होंगी।

महिला प्रदर्शनी मैच में इंद्रावती टाइग्रेस की 4-1 से जीत

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के अंतर्गत गुरुवार को खेले गए महिला प्रदर्शनी मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस ने महानदी फाल्कन्स को 4-1 से हराया। इंद्रावती टाइग्रेस की कप्तान आंचल साहू ने दो गोल दागे, जबकि लीना कोरसे और ममतेश्वरी लहरे ने एक-एक गोल किया। महानदी फाल्कन्स की ओर से रिया खलखो ने एकमात्र गोल किया।

मैच में इंद्रावती टाइग्रेस का शुरू से ही दबदबा रहा। टीम ने करीब 60 प्रतिशत समय तक गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और लगातार आक्रामक खेल दिखाया। इसके उलट महानदी फाल्कन्स के खिलाड़ियों के बीच तालमेल की कमी नजर आई। बेहतर रणनीति और गेंद पर नियंत्रण के दम पर इंद्रावती टाइग्रेस ने शानदार जीत दर्ज की।

1 नवंबर तक चलेगी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग है। इसका आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा किया जा रहा है। लीग का पहला संस्करण 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है।

इसमें प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। इनमें राजधानी रॉयल्स, बैलाडीला बुल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस शामिल हैं।

प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी हैं, जिनमें 18 खिलाड़ी छत्तीसगढ़ के और चार खिलाड़ी राज्य के बाहर के राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैं। लीग का उद्देश्य प्रदेश में हॉकी के खेल तंत्र को मजबूत करना, उभरते खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का अनुभव देना और उन्हें राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित यह लीग प्रदेश में हॉकी के विकास, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और छत्तीसगढ़ की खेल पहचान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *