November 7, 2026

राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक IPS अंकिता शर्मा की हवाई फायरिंग को लेकर उठे सवालों और पुलिस मुख्यालय से मिले नोटिस के बीच अब श्री पंच दशानन जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरी महाराज उनके समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर अंकिता शर्मा का वीडियो साझा करते हुए उनके शस्त्र पूजन को नारी शक्ति, सांस्कृतिक स्वाभिमान और कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरक उदाहरण बताया है।

शस्त्र पूजन को बताया भारतीय संस्कृति और नारी गरिमा की अभिव्यक्ति

अवधेशानंद गिरी महाराज ने अपनी पोस्ट में कहा कि वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अंकिता शर्मा का साड़ी पहनकर श्रद्धापूर्वक शस्त्र पूजन करना भारतीय संस्कृति, नारी गरिमा और राष्ट्र रक्षा के संकल्प की सुंदर अभिव्यक्ति है। उनके मुताबिक, यह दृश्य नारी की सांस्कृतिक आस्था, आत्मविश्वास, साहस और समाज की रक्षा के प्रति समर्पण का संदेश देता है।

उन्होंने सनातन परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि नारी शक्ति को मां लक्ष्मी, मां सरस्वती और मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों में समृद्धि, ज्ञान, विवेक, अन्याय के प्रतिकार और धर्म रक्षा का प्रतीक माना गया है। देवी द्वारा आसुरी शक्तियों के संहार की परंपरा यह संदेश देती है कि शक्ति का सर्वोच्च उद्देश्य धर्म की प्रतिष्ठा, निर्बलों की रक्षा और लोकमंगल है।

महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया

महामंडलेश्वर ने कहा कि अंकिता शर्मा का शस्त्र पूजन इस बात का प्रतीक है कि नारी संस्कृति और श्रद्धा की संवाहिका होने के साथ समाज की सजग एवं साहसी रक्षिका भी है। उनका यह स्वरूप उन महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो आत्मविश्वास, विवेक और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ना चाहती हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि आलोचनाओं के बीच अपनी आस्था और आचरण की गरिमा बनाए रखना प्रशंसनीय है। पोस्ट के अंत में उन्होंने भगवती से अंकिता शर्मा को अदम्य साहस, सामर्थ्य और लोकसेवा के लिए शक्ति प्रदान करने की कामना की।

सोशल मीडिया पर भी समर्थन में आए लोग

अवधेशानंद गिरी महाराज की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग अंकिता शर्मा के समर्थन में अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वहीं, कुछ यूजर्स अन्य जिलों के पुलिस अधीक्षकों की सिविल ड्रेस में हवाई फायरिंग करते हुए तस्वीरें और वीडियो भी साझा कर रहे हैं।

हालांकि, अंकिता शर्मा के शस्त्र पूजन और हवाई फायरिंग को लेकर पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी नोटिस तथा उस पर आगे होने वाली कार्रवाई का मामला अलग है। इस संबंध में विभागीय स्तर पर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *