शहडोल। जंगलों में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही अब रिहायशी इलाकों के आसपास भी दिखाई देने लगी है। शहडोल जिले में एक ओर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से हाथियों का झुंड पहुंच गया है, वहीं दूसरी ओर देवरी अमलाई गांव में भालू की लगातार मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। वन्यजीवों की सुरक्षा और ग्रामीणों की सतर्कता बनाए रखना वन विभाग के लिए चुनौती बन गया है।

शहडोल के जंगलों में विचरण कर रहा हाथियों का झुंड
उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से निकला हाथियों का झुंड उत्तर शहडोल वनमंडल के जंगलों से होते हुए दक्षिण शहडोल वनमंडल के खन्नौधी परिक्षेत्र पहुंचा है। वन विभाग के मुताबिक, हाथियों का झुंड सन्ना बीट के कक्ष क्रमांक आरएफ-562 में विचरण कर रहा है।
फिलहाल हाथियों की वजह से किसी जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि, उनकी मौजूदगी को देखते हुए आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
हाथियों की सुरक्षा के लिए 10 से अधिक गांवों की बिजली बंद
हाल ही में करंट की चपेट में आने से एक हाथी की मौत की घटना के बाद वन विभाग और बिजली विभाग विशेष सावधानी बरत रहे हैं। हाथियों को बिजली लाइनों से होने वाले संभावित हादसों से बचाने के लिए जयसिंहनगर वन क्षेत्र के कनाड़ी, देवरी, नदना, गिरुई समेत 10 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति बंद की गई है।
इससे ग्रामीणों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। वहीं वन विभाग ने बिजली लाइनों को निर्धारित ऊंचाई पर रखने और क्षतिग्रस्त लाइनों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं।
देवरी अमलाई में भालू की लगातार आवाजाही
इधर, दक्षिण शहडोल वनमंडल के केशवाही वन परिक्षेत्र अंतर्गत देवरी अमलाई गांव में भालू की लगातार आवाजाही देखी जा रही है। भालू के रिहायशी इलाके के आसपास पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने भालू का वीडियो भी मोबाइल में कैद किया है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
जंगलों में मानवीय दखल से बढ़ रही चुनौती?
शहडोल से लगे उमरिया जिले के घुनघुटी क्षेत्र और अनूपपुर के अमरकंटक जंगलों में पेड़ों की कटाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जंगलों में बढ़ती मानवीय गतिविधियों और वन क्षेत्रों में बदलाव का वन्यजीवों की आवाजाही पर क्या प्रभाव पड़ रहा है, इसकी पड़ताल जरूरी है।
हाथियों और भालुओं की रिहायशी इलाकों के आसपास मौजूदगी ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी चुनौती भी सामने ला रही है।