इंदौर शहर के नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है। जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़ी सेवाओं को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए इंदौर नगर निगम ने प्रक्रिया का विकेंद्रीकरण करने का निर्णय लिया है। अब प्रमाण पत्र बनवाने, उसमें संशोधन कराने या डुप्लीकेट कॉपी प्राप्त करने के लिए नागरिकों को निगम मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

नगर निगम की नई व्यवस्था के तहत शहर के सभी 22 जोन कार्यालयों में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे लोग अपने नजदीकी जोन कार्यालय में ही आवश्यक कार्य आसानी से करा सकेंगे।
जोन कार्यालयों में मिलेंगी ये सुविधाएं
- नए जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे।
- प्रमाण पत्र में नाम, जन्म या मृत्यु की तिथि तथा अन्य विवरणों में संशोधन (करेक्शन) कराया जा सकेगा।
- डुप्लीकेट प्रमाण पत्र भी जारी किए जाएंगे।
अब तक पूरे शहर के लिए यह कार्य केवल नगर निगम मुख्यालय से संचालित होता था, जिससे लोगों को लंबी कतारों और अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता था। नई व्यवस्था लागू होने से मुख्यालय पर भीड़ कम होगी और प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी अधिक तेज और सुगम हो सकेगी।
नगर निगम का मानना है कि इस फैसले से प्रतिदिन सैकड़ों और हर महीने हजारों नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा तथा उन्हें समय और श्रम दोनों की बचत होगी।