जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मंगन सिद्दीकी पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गोहलपुर थाना क्षेत्र में तालिब शाह चौक के पास तीन बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। इस घटना में उनके दोनों पैरों में चोट आई है। घायल अवस्था में उन्हें विक्टोरिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मोबाइल पर बात करते समय पीछे से किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, मंगन सिद्दीकी अपने चाचा की दुकान की ओर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने गाड़ी रोकी और मोबाइल पर बात करने लगे। इसी दौरान पीछे से आए तीन लोगों ने उन पर चाकुओं से हमला कर दिया।
मंगन सिद्दीकी के मुताबिक, उन्होंने चाकू के वार से बचने के लिए पैरों का इस्तेमाल किया, जिससे दोनों पैरों में चोट आई। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों में अरमान और उसके दो साथी शामिल थे। उनका कहना है कि अरमान पहले भी उन्हें जान से मारने की धमकी दे चुका है।
नशे के इंजेक्शन के खिलाफ मुहिम को लेकर विवाद का आरोप
भाजपा नेता ने बताया कि नशे के इंजेक्शन के अवैध कारोबार के खिलाफ वह लंबे समय से मुहिम चला रहे हैं। इसी वजह से उनका वासिम नाम के व्यक्ति से विवाद हुआ था। मंगन का आरोप है कि पहले वासिम ने भी उन पर जानलेवा हमला किया था और उस मामले में उसे सात साल की सजा हुई है।
उनका दावा है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते वासिम का बेटा अरमान उन्हें कई बार धमकी दे चुका था। इस संबंध में हनुमानताल थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात भी उन्होंने कही है। मंगन का आरोप है कि मंगलवार को अरमान ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर फिर हमला किया।
पहले भी हो चुका है जानलेवा हमले का दावा
मंगन सिद्दीकी पर पहले भी जानलेवा हमला होने और नशे के अवैध कारोबार को लेकर विवाद की बात सामने आई है। शहर में लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं के बीच इस वारदात ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
फिलहाल हमले के पीछे की वजह और आरोपियों की भूमिका की पुलिस जांच के बाद ही पुष्टि हो सकेगी।