धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सादलपुर थाना क्षेत्र में ढाबे के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार पुलिया के डिवाइडर से टकराकर नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का इंजन उखड़कर बाहर जा गिरा। इसके बाद कार में आग लग गई और उसमें सवार चार युवकों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

सांवलिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे थे पांच दोस्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी पांच युवक दोस्त थे और धार जिले के सागौर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। वे राजस्थान स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सांवलिया सेठ के दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 11:30 बजे वे वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान सादलपुर थाना क्षेत्र में एक ढाबे के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पुलिया के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार पुलिया के नीचे जा गिरी और उसमें आग लग गई।
एक युवक कार से बाहर गिरा, चार अंदर फंसे रह गए
हादसे की टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का इंजन उखड़कर दूर जा गिरा। इस दौरान एक युवक कार से बाहर छिटककर गिर गया, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, कार में सवार बाकी चार युवक अंदर ही फंसे रह गए और आग की चपेट में आ गए।
सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम और दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। दमकल कर्मियों की मदद से पुलिस ने कार से चारों युवकों के शव बाहर निकाले।
मृतकों की पहचान, घायल अस्पताल में भर्ती
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- अंकुश उर्फ भीम (20), पिता विक्रम चौधरी
- चेतन (20), पिता जीवन चौधरी
- आदित्य उर्फ अनमोल (19), पिता संतोष तिवारी
- अभिषेक, पिता लक्ष्मण सोलंकी
चारों युवक सुहागपुर, सागौर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। हादसे में तुषार (20), पिता मुकेश मंडलोई गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने चारों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए धार जिला अस्पताल भेजे हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।