November 7, 2026

ग्वालियर। चंबल अंचल के सबसे बड़े जयारोग्य अस्पताल में डॉक्टरों की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। एक हजार बिस्तर अस्पताल में ड्यूटी के दौरान डॉक्टरों के साथ मरीज के अटेंडर्स द्वारा कथित मारपीट के विरोध में जूनियर और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों ने OPD में काम बंद कर प्रदर्शन किया।

डॉक्टरों ने अस्पताल अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर 24 घंटे के भीतर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी स्थापित करने पर निर्णय लेने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर डॉक्टरों ने अनिश्चितकालीन विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

वेंटिलेटर लगाने के दौरान मारपीट का आरोप

डॉक्टरों के मुताबिक, घटना बीती रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की है। एक मरीज को एक हजार बिस्तर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों का आरोप है कि मरीज के साथ आए चार से पांच अटेंडर्स ने ड्यूटी पर मौजूद जूनियर और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ मारपीट की।

जूनियर डॉक्टर अनंत अय्यर के मुताबिक, मरीज को वेंटिलेटर लगाने की प्रक्रिया के दौरान अटेंडर्स ने उनके साथ थप्पड़ मारे। उन्हें बचाने के लिए पहुंचे सीनियर डॉक्टर के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

डॉक्टरों के अनुसार मरीज के दोनों फेफड़ों में संक्रमण था और घटना के बाद उसके साथ आए अटेंडर्स मरीज को अस्पताल में छोड़कर चले गए।

OPD में काम बंद कर जताया विरोध

घटना के विरोध में जूनियर और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों ने OPD में काम बंद कर प्रदर्शन किया। डॉक्टरों की प्रमुख मांग है कि कथित मारपीट करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज की जाए और अस्पताल परिसर में 24 घंटे पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए।

डॉक्टरों ने अस्पताल में कथित VIP कल्चर खत्म करने की भी मांग की। उनका कहना है कि किसी मरीज के राजनीतिक या अन्य प्रभावशाली लोगों से संबंध होने के कारण डॉक्टरों पर अतिरिक्त दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए।

24 घंटे का अल्टीमेटम, मांग पूरी नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन प्रदर्शन

डॉक्टरों ने अस्पताल अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि यदि इस अवधि में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे अनिश्चितकालीन काम बंद करने के लिए मजबूर होंगे।

फिलहाल OPD सेवाएं प्रभावित हुई हैं, जबकि अस्पताल की अन्य चिकित्सा सेवाएं जारी रहने की बात कही गई है।

अस्पताल प्रबंधन ने कहा- वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा जारी

अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना ने डॉक्टरों के साथ मारपीट की जानकारी मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने सुरक्षा से जुड़ी कई मांगें रखी हैं, जिनका नियमों के अनुसार परीक्षण किया जा रहा है।

अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा और बैठक की गई है। विभागाध्यक्षों और मेडिकल कॉलेज के डीन की मौजूदगी में पूरे मामले पर आगे विचार किया जाएगा। प्रशासन के सहयोग से आवश्यक कदम उठाने की बात भी कही गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

अब नजर इस बात पर है कि डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन 24 घंटे के अल्टीमेटम के भीतर क्या कदम उठाता है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *