गौरेला। जिला अस्पताल परिसर के महिला टॉयलेट के फ्लश के पास रविवार शाम नवजात शिशु का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव नाल और प्लेसेंटा सहित बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में अज्ञात व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है।

दुर्गंध आने पर वार्ड बॉय ने किया निरीक्षण
सिविल सर्जन डॉ. देवेंद्र पैकरा के अनुसार, रविवार शाम टॉयलेट से दुर्गंध आने पर वार्ड बॉय ने वहां जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान फ्लश के पास नवजात का शव पड़ा मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। घटना के बाद अस्पताल परिसर में नवजात को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान को लेकर जांच शुरू कर दी गई।
अस्पताल के डिलीवरी रिकॉर्ड में नहीं मिला कोई संबंध
सिविल सर्जन ने बताया कि घटना के बाद जिला अस्पताल के डिलीवरी रूम, लेबर वार्ड और भर्ती मरीजों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की गई। उनके मुताबिक, अस्पताल में प्रसव कराने वाली महिलाओं के नवजात शिशु स्वस्थ हैं और मिले शव का अस्पताल के लेबर रूम या वार्ड से कोई संबंध सामने नहीं आया है।
डॉ. पैकरा ने कहा कि अस्पताल के वार्ड संयुक्त हैं, जहां किसी महिला के बिना किसी की नजर में आए प्रसव करने की संभावना कम है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई गई है कि नवजात को किसी बाहरी व्यक्ति ने वहां छोड़ा हो सकता है। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
गौरेला थाना प्रभारी शानिप रात्रे ने बताया कि वार्ड बॉय की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल में पिछले दो से तीन दिनों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि नवजात को वहां लाने वाले व्यक्ति या संदिग्धों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने मामले में अज्ञात व्यक्ति की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू की है।
पोस्टमार्टम के बाद DNA सैंपल जांच के लिए भेजे
पुलिस के अनुसार, नवजात के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और DNA सैंपल विधि-विज्ञान प्रयोगशाला भेजे गए हैं। DNA रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच से घटना की परिस्थितियों तथा संबंधित व्यक्तियों की पहचान में मदद मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल मामले में किसी आरोपी की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।