November 14, 2026

कवर्धा। छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश और अंधड़ ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। अर्नब चक्रवात के प्रभाव से धान और सरसों की फसल को नुकसान पहुंचने के बाद किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। दीपावली के त्योहार के बीच फसल बर्बाद होने से कई परिवारों की खुशियां चिंता में बदल गई हैं। अपनी पीड़ा शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए कवर्धा के किसानों ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति का सहारा लिया और लोकगीत गाकर मुआवजे की मांग की।

किसानों ने तबला, ढोलक और हारमोनियम की संगत में गीतों के जरिए अपनी व्यथा सुनाई। उनका कहना है कि सालभर की मेहनत से तैयार फसल खराब होने के कारण परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और बेटे-बेटियों की शादी जैसे जरूरी कामों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

लोकगीतों के जरिए सरकार तक पहुंचाई आवाज

किसानों ने अपनी परेशानी बयां करने के लिए पारंपरिक लोकगीतों का सहारा लिया। गीतों में उन्होंने फसल बर्बादी और उससे पैदा हुए आर्थिक संकट को सामने रखा। इस अनोखे तरीके से किसानों ने सरकार और प्रशासन का ध्यान अपनी समस्या की ओर खींचने की कोशिश की।

प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग

किसानों की मांग है कि बारिश और अंधड़ से प्रभावित खेतों का तत्काल सर्वे कराया जाए। नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक संकट से उबरने में मदद मिल सके।

दीपावली के बीच किसानों को राहत का इंतजार

किसानों का कहना है कि वे सालभर इस उम्मीद में मेहनत करते हैं कि फसल बिकने से परिवार की जरूरतें पूरी होंगी और घर में खुशहाली आएगी। लेकिन प्राकृतिक आपदा ने उनकी उम्मीदों को झटका दिया है। अब किसानों को उम्मीद है कि सरकार उनकी मांग पर ध्यान देगी और जल्द राहत उपलब्ध कराएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *