November 8, 2026

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंच गई हैं। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल, ओपी चौधरी और श्याम बिहारी जायसवाल सहित सांसद विजय बघेल मौजूद रहे।

आज रायपुर में दो कार्यक्रमों में होंगी शामिल

राष्ट्रपति मुर्मू आज दोपहर 12:45 बजे रायपुर स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। यहां वे पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी।

इसके बाद शाम 4 बजे वे रायपुर के इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान राष्ट्रपति सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

कल मां दंतेश्वरी के दर्शन करेंगी राष्ट्रपति

दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति बस्तर प्रवास पर रहेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 11 बजे जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित मुरिया दरबार एवं सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी।

इस दौरान राष्ट्रपति मांझी-चालकी समाज के प्रतिनिधियों से संवाद भी करेंगी।

CM साय बोले- छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य की बात

राष्ट्रपति के दौरे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुशी जताते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य का विषय है कि राष्ट्रपति प्रदेश के प्रवास पर आ रही हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से राष्ट्रपति का स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति 200 रुपये के स्मारक सिक्के का विमोचन करेंगी और अगले दिन बस्तर प्रवास के दौरान आमसभा को संबोधित करेंगी।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए लिखा कि प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की पावन धरा छत्तीसगढ़ में राष्ट्रपति का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक बस्तर दशहरा और मुरिया दरबार में राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं का मान बढ़ाएगी तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई ऊर्जा देगी।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताई बस्तर दौरे की वजह

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ के आदिवासी प्रतिनिधियों को राष्ट्रपति निवास में आमंत्रित किया गया था। वहां बड़े हॉल में भोज का आयोजन हुआ था और राष्ट्रपति ने स्वयं सभी को भोजन परोसा था। उन्होंने बताया कि 64 लोगों का सम्मान किया जाना था। इस दौरान प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति से आग्रह किया था कि माओवाद समाप्त होने के बाद वे बस्तर आएं।

विजय शर्मा के मुताबिक, उसी दिन मुरिया दरबार में शामिल होने का निर्णय लिया गया था। अब राष्ट्रपति बस्तर में मुरिया दरबार में शामिल होंगी और मांझी-चालकी समाज के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने जताई खुशी

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राष्ट्रपति के आगमन को छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बस्तर के नक्सलवाद से मुक्त होने के बाद राष्ट्रपति का यहां आना प्रदेश के लिए अभूतपूर्व खुशी का अवसर है। राष्ट्रपति अपने प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी।

राज्यपाल रमेन डेका ने भी किया स्वागत

रायपुर विमानतल पर राज्यपाल रमेन डेका ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि राष्ट्रपति दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर पहुंची हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *