November 25, 2026

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 14 किलो पैंगोलिन (सालखपरी) की खाल और शल्क बरामद किए गए हैं। वन विभाग को आशंका है कि बरामद शल्क छह से सात पैंगोलिन के शिकार से जुटाए गए हैं। फिलहाल टीम तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

घेराबंदी कर छह आरोपियों को पकड़ा

वन विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ लोग पैंगोलिन की खाल और शल्क की तस्करी में शामिल हैं। इसके बाद टीम ने गीदम थाना क्षेत्र के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ के आधार पर जावंगा के पास दबिश दी गई, जहां तीन अन्य आरोपी भी पकड़े गए।

वाहन में छिपाकर रखे थे खाल और शल्क

वाहन की तलाशी के दौरान स्टेपनी के पास छिपाकर रखी गई बोरी से करीब 14 किलो पैंगोलिन की खाल और शल्क बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मण तेलाम, दीपक, मासा मूर्ति, हेमंत वासम, कुहरम भीमा और मासाराम मंडावी के रूप में हुई है। इनमें पांच आरोपी बीजापुर और एक दंतेवाड़ा जिले का निवासी बताया गया है।

वन विभाग की टीम कर रही नेटवर्क की जांच

यह कार्रवाई डीएफओ रंगनाथा राधाकृष्णा वाय और एसडीओ शिवेंद्र सिंह के निर्देशन में की गई। टीम में गीदम रेंजर शिव टंडन, बचेली रेंजर डॉ. प्रीतेश पांडेय, डिप्टी रेंजर के. राजू और बीट गार्ड लक्ष्मी प्रसाद चालकी सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल थे।

वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि पैंगोलिन का शिकार कहां किया गया और बरामद खाल व शल्क किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे। तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *