रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और लोकसभा सांसद सुखदेव भगत 27 सितंबर को पहली बार छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचेंगे। प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका यह पहला प्रदेश दौरा होगा। तीन दिवसीय प्रवास के दौरान वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर मैराथन बैठकें करेंगे।

27 सितंबर से शुरू होगा बैठकों का दौर
जारी कार्यक्रम के अनुसार, सुखदेव भगत 27 सितंबर को रायपुर पहुंचने के बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन जाएंगे। यहां वे पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के साथ बैठक करेंगे। उनके दौरे के दौरान प्रदेश संगठन की मौजूदा स्थिति और पार्टी की गतिविधियों को लेकर चर्चा प्रस्तावित है।
जिला अध्यक्षों और संगठनों के प्रमुखों से करेंगे चर्चा
28 सितंबर को सुखदेव भगत जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों, विभिन्न फ्रंटल संगठनों और विभागों के प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा कनेक्ट सेंटर टीम के साथ भी चर्चा का कार्यक्रम है। संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर फीडबैक लेने के साथ आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।
इसके बाद प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक सेटअप को लेकर भी ब्रीफिंग प्रस्तावित है। कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक और चर्चा का कार्यक्रम भी रखा गया है।
वरिष्ठ नेताओं से वन-टू-वन मुलाकात
दौरे के अंतिम दिन 29 सितंबर को सुखदेव भगत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और अनुशासन समिति के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वे प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ वन-टू-वन मुलाकात करेंगे। कोर कोऑर्डिनेशन बैठक के साथ उनका तीन दिवसीय प्रवास समाप्त होगा।
भव्य स्वागत की तैयारी
सुखदेव भगत के पहले छत्तीसगढ़ आगमन को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों ने स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं। धरसीवां ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष वर्मा ने बताया कि प्रदेश प्रभारी के प्रथम आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं की ओर से भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है।
तीन दिवसीय दौरे के दौरान संगठन के अलग-अलग स्तर के पदाधिकारियों से संवाद और वरिष्ठ नेताओं के साथ व्यक्तिगत बैठकों के जरिए प्रदेश कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा होगी।