November 5, 2026

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में इंदौर-एदलाबाद नेशनल हाईवे पर बुधवार को दूध से भरा टैंकर पलटने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मोखलगांव के पास हुए इस हादसे में टैंकर का चेंबर फट गया, जिससे हजारों लीटर दूध सड़क पर बहने लगा। दूध बहता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बर्तनों में दूध भरने लगे।

इंदौर से महाराष्ट्र जा रहा था टैंकर

जानकारी के मुताबिक, दूध से भरा टैंकर इंदौर से महाराष्ट्र की ओर जा रहा था। मोखलगांव के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद टैंकर सड़क किनारे पलट गया।

हादसे के दौरान टैंकर का चेंबर फट गया और उसमें भरा दूध सड़क पर फैलने लगा। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

बाल्टी, डिब्बे और केन लेकर पहुंचे ग्रामीण

सड़क पर दूध बहता देखकर आसपास के गांवों से लोग बर्तन लेकर पहुंचने लगे। कोई बाल्टी लेकर आया तो कोई डिब्बा, भगोना और केन लेकर दूध भरने लगा।

मौके पर कुछ लोग टैंकर के अंदर जाकर भी दूध निकालते दिखाई दिए। इस दौरान सड़क पर बह रहे दूध को बर्तनों में भरने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।

हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी का इंतजार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टैंकर चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के सटीक कारणों और किसी के घायल होने की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *