
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार दोपहर पैराडाइज वैली पिकनिक स्पॉट पर दर्दनाक हादसा हो गया। पानी में डूबने से दो शिक्षकों और कक्षा 7वीं के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि एक छात्रा को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। छात्रा का अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, जावरा के त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के शिक्षक और विद्यार्थी पिकनिक के लिए पैराडाइज वैली पहुंचे थे। समूह में कक्षा 7वीं से 12वीं तक के 14 छात्र-छात्राएं और स्कूल के शिक्षक शामिल थे।
दोपहर करीब 2:30 बजे छात्र हर्षित पाटीदार और छात्रा खुशी गहरे पानी में चले गए। दोनों को डूबता देख शिक्षक विजय सिंह और प्रिंस मोदी उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद पड़े। ग्रामीणों की मदद से छात्रा खुशी को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन हर्षित को बचाने के प्रयास में दोनों शिक्षक भी गहरे पानी में डूब गए।
तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिक्षक विजय सिंह, शिक्षक प्रिंस मोदी और छात्र हर्षित पाटीदार को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद स्कूल और विद्यार्थियों के परिवारों में शोक का माहौल है।