November 7, 2026

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में पुलिस विभाग से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने एक 37 वर्षीय महिला की शिकायत पर पुलिस लाइन में पदस्थ कांस्टेबल सोमिल सक्सेना के खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कांस्टेबल पिछले करीब सात महीने से ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहा था।

लिफ्ट देने के दौरान हुई थी महिला से पहचान

पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, महिला नर्मदापुरम से करीब 15 किलोमीटर दूर एक गांव की रहने वाली है। करीब एक साल पहले आरोपी कांस्टेबल ने उसे नर्मदा तट तक छोड़ने के बहाने लिफ्ट दी थी। इसी दौरान दोनों के बीच परिचय हुआ और उन्होंने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर लिए।

इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। महिला का आरोप है कि इसी दौरान कांस्टेबल सोमिल ने अपने भाई के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगी। महिला ने मदद के तौर पर उसे 10 ग्राम सोने के जेवर दिए थे।

गहने लौटाने के बहाने घर बुलाने का आरोप

महिला के मुताबिक, जब उसने अपने सोने के जेवर वापस मांगे तो आरोपी ने गहने लौटाने की बात कहकर उसे अपने घर बुलाया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि घर पहुंचने के बाद आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।

महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसके साथ दो से तीन बार दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

कांस्टेबल गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच

नर्मदापुरम एसपी साईं कृष्णा एस. थोटा के मुताबिक, महिला की शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, सोमिल सक्सेना को वर्ष 2022 में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। वह पिछले करीब सात महीने से लगातार ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहा था। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *