September 23, 2026

रायपुर। राजधानी रायपुर के नयापारा स्थित मल्टीस्पेशियलिटी मिश्रा हॉस्पिटल में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के वाहन चालकों के लिए निशुल्क नेत्र एवं दंत जांच शिविर की शुरुआत हुई। शिविर का उद्घाटन पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ल ने किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य को जीवन की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी बताते हुए नियमित जांच और जागरूकता पर जोर दिया।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ल ने कहा कि सेहत सबसे बड़ी पूंजी है और इसे सुरक्षित रखना सबसे जरूरी काम है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए सेवाभावी डॉक्टरों की भूमिका के साथ व्यक्ति की खुद की जागरूकता और स्वास्थ्य के प्रति रुचि भी जरूरी है।

पुलिस वाहन चालकों की हो रही आंख और दांतों की जांच

शिविर में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले वाहन चालकों की आंखों और दांतों की निशुल्क जांच की जा रही है। जांच के दौरान आवश्यकता के अनुसार वाहन चालकों को चिकित्सकीय परामर्श और उपचार भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

पुलिस कमिश्नरेट की ओर से सभी संबंधित वाहन चालकों को शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। शिविर का उद्देश्य ड्यूटी के दौरान लगातार वाहन चलाने वाले पुलिस वाहन चालकों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान करना है।

विशेषज्ञ डॉक्टर कर रहे स्वास्थ्य की जांच

शिविर में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ एवं सर्जन डॉ. दिनेश मिश्र, रेटिना सर्जन डॉ. प्रांजल मिश्र, दंत एवं रूट कैनाल विशेषज्ञ डॉ. अबीर मिश्र तथा ट्रांसप्लांट एवं मसूरी रोग विशेषज्ञ डॉ. निधि मिश्र सेवाएं दे रहे हैं।

इसके अलावा चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. सृष्टि मिश्र, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रसून मिश्र और नाक-कान-गला विशेषज्ञ डॉ. सुरभि मिश्र भी शिविर के दौरान मौजूद रहे।

विशेषज्ञ डॉक्टरों ने भविष्य में अलग-अलग तिथियों पर भी निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की इच्छा जताई है, जिससे पुलिसकर्मियों और अन्य जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

पुलिस विभाग के साथ स्वास्थ्य सेवा को बताया संतोष का विषय

इस अवसर पर डॉ. दिनेश मिश्र ने कहा कि पुलिस विभाग के साथ मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए काम करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि अस्पताल की ओर से पहले भी पुलिस विभाग के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सहयोग किया जाता रहा है।

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी लगातार समाज की सेवा में जुटे रहते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की देखभाल के लिए काम करना खुशी और संतोष का अनुभव देता है। उन्होंने आने वाले समय में अन्य विभागों के लिए भी स्वास्थ्य सेवा के अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने की योजना की बात कही।

समय पर बीमारी की पहचान पर जोर

निशुल्क स्वास्थ्य शिविर के जरिए पुलिस वाहन चालकों को नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे आंखों और दांतों से जुड़ी समस्याओं की समय रहते पहचान कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह और उपचार दिया जा सकेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *