November 25, 2026

रायपुर। तिल्दा ब्लॉक के ग्राम बंगोली स्थित पेंड्रावन जलाशय के कैचमेंट क्षेत्र में अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी की लाइमस्टोन खनन परियोजना को जल संसाधन विभाग की ओर से एनओसी जारी किए जाने के विरोध में ग्रामीणों का आंदोलन तेज हो रहा है। जलाशय को बचाने के लिए क्षेत्र के गांवों में ग्रामसभाएं और आमसभाएं आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को बरौंदा, बंगोली और कुर्रा में आमसभा हुई, जिसमें पेंड्रावन जलाशय बचाओ किसान संघर्ष समिति, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

तीसरी बार एनओसी जारी करने पर जताई नाराजगी

आमसभा में ग्रामीणों और समिति के सदस्यों ने खनन परियोजना को दी गई मंजूरी का विरोध किया। उनका आरोप है कि तीसरी बार खनन की एनओसी जारी करना किसान हितों के खिलाफ है। ग्रामीणों ने कहा कि ग्रामसभाओं में विरोध के बावजूद खनन कंपनी के पक्ष में फैसला लिया गया है।

सभा में शासन की ओर से गठित उच्च स्तरीय समिति की सिफारिशों पर भी सवाल उठाए गए। ग्रामीणों का आरोप है कि न्यायालय के आदेश के बाद गठित समिति ने किसानों और जनप्रतिनिधियों से संवाद किया, लेकिन इसके बावजूद खनन के पक्ष में सिफारिश की। समिति और एनओसी जारी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी नाराजगी जताई गई।

आमसभा में निर्णय लिया गया कि जल्द ही तिल्दा स्थित जल संसाधन विभाग के कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

31 अक्टूबर को तीन गांवों में फिर होगी सभा

खनन परियोजना के विरोध और पेंड्रावन जलाशय को बचाने की मांग को लेकर 31 अक्टूबर को सारागांव, निलजा और खोना में आमसभाएं आयोजित करने की घोषणा की गई है। इन बैठकों में आगे के आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।

आमसभाओं में ये लोग रहे शामिल

आमसभाओं में पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, समिति के संरक्षक उधोराम वर्मा, आलोक शुक्ला, अध्यक्ष अनिल नायक, सचिव घनश्याम वर्मा, जनपद सदस्य कुंजलाल वर्मा, बंगोली सरपंच उत्तम वर्मा, बरौंदा सरपंच नीलू वर्मा और कुर्रा सरपंच भुवनेश्वर खूंटे शामिल हुए।

इसके अलावा इन्द्रा कुर्रे, सविता चंद्राकर, हेमलता चंद्राकर, वंदना बैरागी, हेमंत ठाकुर, प्रदीप मढरिया, वीर नारायण देवांगन, अंकित वर्मा, डोमार वर्मा, नरोत्तम शर्मा, कुबेर वर्मा, चन्द्रहास नायक, छत्रपाल वर्मा, छन्नू वर्मा, नारायण वर्मा, भोलू धीवर, भामराज देवांगन और रामा देवांगन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *