रायपुर। राजधानी के सड्डू स्थित प्रिंस ढाबे में सोमवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ ढाबे को अवैध बताते हुए तोड़ने पहुंची। कार्रवाई के विरोध में ढाबा संचालक ने खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया और आग लगाने की कोशिश की। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल कार्रवाई स्थगित कर दी है।

जमीन के सीमांकन को लेकर विवाद
जानकारी के मुताबिक, प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ प्रिंस ढाबे पर कार्रवाई करने पहुंची थी। इस दौरान ढाबा संचालक और अधिकारियों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। विवाद का मुख्य कारण ढाबे की जमीन के सीमांकन को लेकर सामने आया।
ढाबा संचालक का आरोप है कि जमीन का सीमांकन किए बिना ही ढाबे को तोड़ने की कार्रवाई की जा रही थी। संचालक ने यह भी दावा किया कि मामला अदालत में विचाराधीन है, इसके बावजूद प्रशासन कार्रवाई करने पहुंच गया।
इन मुद्दों को लेकर मौके पर अधिकारियों और संचालक के बीच बहस होती रही।
विरोध में संचालक ने खुद पर उड़ेला पेट्रोल
कार्रवाई का विरोध करते हुए ढाबा संचालक ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया और आग लगाने की कोशिश की। इस घटनाक्रम से मौके पर हड़कंप मच गया। हालात को देखते हुए वहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
संचालक के इस कदम के बाद प्रशासनिक टीम ने स्थिति को संभालने पर ध्यान दिया और तत्काल कार्रवाई आगे नहीं बढ़ाई।
कोर्ट के आदेश तक कार्रवाई स्थगित
मामले में तहसीलदार के मुताबिक, अदालत का आदेश आने तक ढाबे पर कार्रवाई स्थगित रखी गई है। फिलहाल प्रशासन की ओर से तोड़फोड़ की कार्रवाई रोक दी गई है।
अब मामले में अदालत के आदेश और जमीन के सीमांकन से जुड़े विवाद पर आगे की स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।