कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा में एक व्यक्ति की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मालदा घाट स्थित एक बाउंड्री वॉल वाले प्लॉट के अंदर घने जंगल में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मालदा घाट के प्लॉट में मिला शव
यह मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, आज सुबह एक महिला की नजर प्लॉट के अंदर पड़े शव पर पड़ी। उसने इसकी जानकारी ग्रामीणों, पार्षद और जनप्रतिनिधियों को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव की स्थिति को देखते हुए मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, फोरेंसिक टीम ने की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही फोरेंसिक विशेषज्ञ भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही क्षेत्र के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव वहां कितने समय से पड़ा था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव की पहचान और मौत से जुड़ी परिस्थितियों के संबंध में आगे की जानकारी जांच के बाद सामने आ सकेगी।