November 6, 2026

गणेशपुर में बाढ़ में फंसे 11 ग्रामीण

थाना सिमगा क्षेत्र के गणेशपुर गांव में अचानक बाढ़ का पानी भर जाने से 11 ग्रामीण फंस गए। सूचना मिलते ही सिमगा पुलिस, प्रशासन और SDRF की संयुक्त टीम मोटर बोट और जीवन रक्षक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।

टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी 11 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान ग्रामीणों के जरूरी सामान के साथ घर में मौजूद 9 बकरियों को भी सुरक्षित बाहर निकालकर राहत शिविर पहुंचाया गया।

बाढ़ का पानी बढ़ने के कारण ग्रामीणों के लिए घरों में रहना जोखिम भरा हो गया था। समय रहते रेस्क्यू टीम के पहुंचने से सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

बिजराडीह में 17 लोगों का रेस्क्यू

थाना गिधपुरी क्षेत्र के बिजराडीह गांव में भी लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया। यहां चार अलग-अलग परिवारों के कुल 17 लोग बाढ़ के पानी में फंस गए थे।

इनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। सूचना मिलते ही गिधपुरी पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी 17 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

डोंगरीडीह में भी पुलिस ने संभाला मोर्चा

थाना लवन क्षेत्र के डोंगरीडीह गांव में भी जलस्तर बढ़ने से कई ग्रामीण बाढ़ के पानी के बीच फंस गए थे। जानकारी मिलते ही लवन पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई की।

लगातार बारिश के बीच पुलिस और प्रशासन की टीमें बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

28 ग्रामीणों और 9 बकरियों का सुरक्षित रेस्क्यू

शनिवार को सिमगा और गिधपुरी समेत बाढ़ प्रभावित इलाकों में चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में कुल 28 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं गणेशपुर में फंसी 9 बकरियों को भी रेस्क्यू किया गया।

पुलिस, प्रशासन और SDRF की संयुक्त टीमों द्वारा संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया जा सके।

बाढ़ प्रभावित इलाकों पर प्रशासन की नजर

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस, राजस्व प्रशासन और SDRF की टीमें जिले के बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं।

प्रशासन का मुख्य फोकस लोगों की जान-माल की सुरक्षा और आपात स्थिति में तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने पर है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश और जलभराव के दौरान उफनती नदियों, नालों, रपटों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं। किसी भी आपात स्थिति या बाढ़ की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या 112 पर देने की अपील की गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *